🔊
काली नदी का बढ़ा जलस्तर: प्रशासन मुस्तैद, तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के निर्देश।
पिथौरागढ़ में काली नदी का जलस्तर चेतावनी के निशान से ऊपर, अलर्ट जारी।
उत्तराखंड राज्य में लगातार हो रही वर्षा के कारण विभिन्न जनपदों की नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि केन्द्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष, सिंचाई खण्ड देहरादून से प्राप्त सूचना के अनुसार पिथौरागढ़ जनपद में प्रवाहित होने वाली काली नदी का जलस्तर 14 अगस्त 2026 को शाम 5:30 बजे चेतावनी के स्तर से 0.40 मीटर ऊपर पहुँच गया है।
उन्होंने कहा कि बढ़ते जलस्तर और सम्भावित खतरे को देखते हुए प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन इकाइयों को उच्च अलर्ट पर रखा गया है।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि आम जनमानस की सुरक्षा के लिए सभी बचाव इकाइयों को पूरी तरह सक्रिय रखें और आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाएं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
स्थिति पर बारीक नज़र रखने के लिए हर घंटे की रिपोर्ट राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र, देहरादून को भेजी जा रही है।
इसके साथ ही, केन्द्रीय जल आयोग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से नदी के जलस्तर और खतरे की स्थिति की निरंतर (रियल टाइम) मॉनिटरिंग की जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति या आपदा की सूचना राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष के लैंडलाइन एवं टोल फ्री नंबरों (1070, 0135-2710335) पर तत्काल साझा करें।
जिलाधिकारी ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।