🔊
चम्पावत जिला अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का शुभारंभ, आपातकालीन उपचार व्यवस्था होगी मजबूत
चम्पावत, 20 अगस्त 2026। आदर्श जनपद चम्पावत को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। जिला चिकित्सालय चम्पावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री की ओर से दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने जिला चिकित्सालय में दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर यूनिट का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चम्पावत उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि है और यहां की जनता उनका परिवार है। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू होना जनपद के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर समय पर उपलब्ध हो सकेंगे।
उन्होंने कहा कि चम्पावत में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक, सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं। इसके साथ ही डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी जारी है।
रक्त के अलग-अलग घटक किए जा सकेंगे तैयार
ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के माध्यम से दान किए गए रक्त को पैक्ड रेड ब्लड सेल्स (PRBC), प्लाज्मा और प्लेटलेट्स जैसे प्रमुख घटकों में अलग किया जा सकेगा। मरीज की बीमारी और चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार संबंधित रक्त घटक उपलब्ध कराया जाएगा।
इससे एक यूनिट रक्त का अधिक वैज्ञानिक एवं प्रभावी उपयोग संभव होगा और अलग-अलग जरूरतमंद मरीजों को उनके उपचार के अनुसार रक्त घटक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
दुर्घटना, प्रसव और सर्जरी के मरीजों को मिलेगा लाभ
यूनिट शुरू होने से दुर्घटनाओं, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, सर्जरी, गंभीर बीमारी और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को काफी राहत मिलेगी। आवश्यक रक्त घटकों के लिए अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों पर निर्भरता कम होगी और उपचार में लगने वाले महत्वपूर्ण समय की बचत होगी।
विशेष रूप से सीमांत एवं दूरस्थ क्षेत्रों से जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के लिए यह सुविधा महत्वपूर्ण साबित होगी।
स्वैच्छिक रक्तदान को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट जनपद में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इससे स्वैच्छिक रक्तदान को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि ‘रक्तदान-जीवनदान’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाकर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त एवं रक्त घटकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग किया जाए।
चम्पावत को आदर्श जिला बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने चम्पावत को आदर्श जिला बनाने का संकल्प लिया है। आधुनिक पार्किंग, सिटी ड्रेनेज सिस्टम, भूमिगत विद्युत लाइन, पेयजल व्यवस्था, साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी परियोजनाओं से जिले के विकास को नई दिशा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि चम्पावत को विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में पूरे उत्तराखंड के लिए एक आदर्श मॉडल बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की शुरुआत को जनपद के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए चम्पावतवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भाजपा गोविन्द सामन्त, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय, मुकेश महराना, मनोज कालाकोटी, हेमा जोशी, किरन देवी, जिला अध्यक्ष महिला युवा मोर्चा दीपा जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।