🔊
चम्पावत: जिला अस्पताल में 18 से 20 सितंबर तक लगेगा निःशुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर, अपोलो दिल्ली के डॉक्टर देंगे सेवाएं।
चम्पावत, 16 सितंबर 2026। जनपदवासियों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला अस्पताल चम्पावत में 18, 19 और 20 सितंबर को तीन दिवसीय निःशुल्क विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह शिविर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत लगेगा।
शिविर में अपोलो अस्पताल, नई दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि शिविर में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और जनरल फिजिशियन के विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा बीएमडी (हड्डियों की मजबूती की जांच), पीएफटी (फेफड़ों की कार्यक्षमता की जांच), ईसीजी, ब्लड प्रेशर, रैंडम ब्लड शुगर और विभिन्न प्रकार की रक्त जांचें भी निःशुल्क की जाएंगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना शासन और प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने जनपदवासियों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिविर में आने वाले मरीजों एवं उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए हैं।
स्थान: जिला अस्पताल, चम्पावत
तिथि: 18, 19 एवं 20 सितंबर 2026
विशेष सुविधा: विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श एवं विभिन्न स्वास्थ्य जांचें।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: