🔊
गंगोलीहाट में 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधान संगठन ने की तालाबंदी, ब्लॉक मुख्यालय के गेट पर दिया धरना।
गंगोलीहाट।प्रदेश प्रधान संगठन उत्तराखंड के आह्वान पर 10 सूत्रीय मांगों पर अब तक कोई कार्रवाई न होने के विरोध में बुधवार को विकासखंड गंगोलीहाट के मुख्य गेट पर प्रधान संगठन ने तालाबंदी कर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।
प्रधान संगठन की मुख्य मांगों में ग्राम प्रधानों को 20 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने, ग्राम पंचायत वार्ड सदस्यों को प्रत्येक खुली बैठक में प्रतिभाग करने पर मानदेय का प्रावधान करने और ग्राम पंचायतों के राज्य व केंद्रीय वित्त की धनराशि को जनसंख्या तथा भौगोलिक क्षेत्रफल के अनुसार बढ़ाने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई न होने से आक्रोशित जनप्रतिनिधियों ने सुबह 11:30 बजे ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर मुख्य गेट पर अपना ताला जड़ दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से मांग पत्र सौंपने के बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे ग्रामीण जनप्रतिनिधियों में गहरा असंतोष है। यदि मांगों का जल्द निस्तारण नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस तालाबंदी व प्रदर्शन कार्यक्रम में हरीश डसीला, महामंत्री हरीश दुर्गापाल, महामंत्री चंदन सिंह बोहरा, सचिव गौरव कुमार, उपाध्यक्ष बसंत कुमार और कोषाध्यक्ष जतिन वर्मा , सर्वजीत राम, दयाल कुमार, रेखा, जतिन वर्मा , कमल सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।