🔊
गंगोलीहाट में 23 और 24 सितंबर को आयोजित होगी विकासखंड स्तरीय संस्कृत छात्र स्पर्धा।
गंगोलीहाट(पिथौरागढ़)। उत्तराखंड संस्कृत अकादमी संस्थान, हरिद्वार के तत्वावधान में विकासखंड स्तरीय संस्कृत छात्र स्पर्धा प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज दशाईथल, गंगोलीहाट में आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता आगामी 23 सितंबर को कनिष्ठ वर्ग (कक्षा 6 से 10) और 24 सितंबर को वरिष्ठ वर्ग (कक्षा 11 से आचार्य/एम.ए./स्नातकोत्तर) के लिए संपन्न होगी।
इस स्पर्धा में गंगोलीहाट विकासखंड के समस्त शासकीय, अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों, राजकीय महाविद्यालयों, उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा सहायता प्राप्त एवं निजी शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
मार्गदर्शक एवं खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र मौर्य तथा स्थल संयोजक एवं पीएम श्री रा.इ.का. दशाईथल के प्रधानाचार्य शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि यह स्पर्धा दो वर्गों कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में विभाजित की गई है।
खंड संयोजक डॉ. योगेश कुमार पौड़ियाल ने जानकारी दी कि दोनों वर्गों के अंतर्गत संस्कृत नाटक, समूह गान, समूह नृत्य, वाद-विवाद, आशुभाषण तथा श्लोकोच्चारण सहित कुल छह संस्कृत स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। विकासखंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को उत्तराखंड संस्कृत अकादमी की ओर से नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।