🔊
चम्पावत: लंपी रोग से बचाव को लेकर पशुपालकों को किया जागरूक, 34 पशुपालकों ने लिया शिविर का लाभ
चम्पावत, 16 सितंबर 2026। जनपद में पशुओं को लंपी रोग से बचाने और पशुपालकों को जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम सभा होली पीपलाटी, खेतिखान में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों पर आयोजित इस शिविर में 34 पशुपालकों ने प्रतिभाग किया।
शिविर में पशुपालकों को लंपी रोग के कारण, संभावित लक्षण, प्रसार तथा बचाव एवं रोकथाम के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही पशुओं की नियमित निगरानी, स्वच्छता बनाए रखने और रोग के प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में बताया गया।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने बताया कि शिविर के दौरान पशुओं में पाए गए संभावित लक्षणों के आधार पर आवश्यक औषधियों का वितरण किया गया। पशुपालकों को दवाओं के उचित उपयोग एवं जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
उन्होंने बताया कि पशुओं में लंपी रोग के संभावित लक्षण दिखाई देने पर पशुपालकों को तत्काल निकटतम पशु चिकित्सा अधिकारी से संपर्क करना चाहिए, ताकि समय पर आवश्यक उपचार एवं रोकथाम की कार्रवाई की जा सके।
शिविर में पशु चिकित्सा अधिकारी खेतिखान डॉ. शैलेश कुमार एवं पशुधन प्रसार अधिकारी स्वाति ने पशुपालकों को पशुओं की देखभाल, लंपी रोग की रोकथाम और जरूरी सावधानियों के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
अधिकारियों ने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करें और किसी भी असामान्य लक्षण की स्थिति में तत्काल पशु चिकित्सा विभाग को सूचित करें।