🔊
टनकपुर में टैक्सी चालक की श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी, यात्री बोले -इस तरह का व्यवहार असहनीय, सोशल मीडिया में वीडियो भी किया जारी
संवाद न्यूज एजेंसी, टनकपुर।
माता पूर्णागिरि के दर्शन को पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ टनकपुर में टैक्सी चालक द्वारा की गई बदतमीजी से आक्रोश व्याप्त है। यह घटना उस समय सामने आई जब एक टैक्सी चालक ने पहले यात्रियों को खुद बुलाकर अपनी टैक्सी में बैठाया और फिर रास्ते में उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए बीच रास्ते में ही उतार दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, टैक्सी संख्या UA 03 5636 के चालक जाहिद ने श्रद्धालुओं को पूर्णागिरि दर्शन के लिए ले जाने की बात कहकर अपनी गाड़ी में बिठाया, लेकिन कुछ दूरी पर ही उनका सामान जबरदस्ती नीचे फेंकते हुए उन्हें भी सवारी से जबरन नीचे उतरने को मजबूर कर दिया। श्रद्धालुओं ने बताया कि जाहिद का व्यवहार बेहद अहंकारी और अपमानजनक था।
श्रद्धालु इस घटना से आहत हैं और सवाल उठा रहे हैं कि टनकपुर जैसे धार्मिक स्थल पर इस प्रकार का बर्ताव आखिर कब तक बर्दाश्त किया जाएगा? क्या श्रद्धालुओं के सम्मान और सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है?
प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के बाद श्रद्धालुओं ने टैक्सी यूनियन और स्थानीय प्रशासन से मामले में संज्ञान लेने और संबंधित चालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
टनकपुर जैसे धार्मिक व पर्यटन स्थल पर ऐसे व्यवहार से न केवल श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं, बल्कि क्षेत्र की छवि पर भी बुरा असर पड़ता है।
यदि प्रशासन या टैक्सी यूनियन की कोई प्रतिक्रिया आती है, तो खबर को अपडेट किया जाएगा।