🔊
रुद्रप्रयाग: नाबालिग ने दिया बच्ची को जन्म, युवक पर दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस
रुद्रप्रयाग, 9 जून 2025: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी ने अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया, जिसके बाद उसने एक युवक पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। किशोरी की तहरीर पर थराली पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, किशोरी की तबीयत खराब होने पर उसकी मां उसे इलाज के लिए रुद्रप्रयाग जिले के एक अस्पताल ले गई थी। जहां 4 जून को किशोरी ने नवजात बच्ची को जन्म दिया। यह मामला तब उजागर हुआ जब परिजनों को किशोरी की गर्भावस्था की जानकारी मिली।
इसके बाद किशोरी ने 7 जून को थाना थराली में युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।
थराली थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि आरोपी युवक बागेश्वर जिले का निवासी है और वर्तमान में थराली क्षेत्र में काम कर रहा था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम बागेश्वर रवाना कर दी गई है। उन्होंने बताया कि किशोरी का अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद फिलहाल वह अपने रिश्तेदारों के घर पर है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।