🔊
बदरीनाथ दर्शन कर लौट रहे हरियाणा के दो युवकों की दर्दनाक मौत टैया पुल के पास बाइक पर गिरा बोल्डर, खाई में गिरने से दोनों की मौत
बदरीनाथ।
बदरीनाथ हाईवे पर बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें हरियाणा के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक बदरीनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे थे, तभी टैया पुल के पास अचानक उनकी बाइक पर बोल्डर गिर गया और वे खाई में जा गिरे।
हादसा शाम करीब 6 बजे हुआ। मृतकों की पहचान सचिन कुमार (30) पुत्र सोमप्रकाश, ग्राम संदली, थाना जटलाना, जिला यमुनानगर, हरियाणा एवं रवि कुमार (26) पुत्र कवरपाल, कस्बा व थाना जटलाना, जिला यमुनानगर, हरियाणा के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बाइक टैया पुल के पास पहुंची, ऊपर से चट्टानों से पत्थर गिरने लगे और एक बड़ा पत्थर सीधा बाइक पर गिरा। इससे बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे से खाई में जा गिरी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों युवकों को खाई से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद बदरीनाथ हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि बदरीनाथ क्षेत्र में बारिश के चलते अक्सर भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं होती हैं, जिससे यात्रा के दौरान खतरा बना रहता है।