🔊
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात, राज्य हित में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा
नई दिल्ली, 18 जून 2025
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य के समग्र विकास और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए 63.60 करोड़ की मांग
मुख्यमंत्री ने बढ़ती साइबर सुरक्षा चुनौतियों की पृष्ठभूमि में देहरादून में साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के लिए ₹63.60 करोड़ की धनराशि की स्वीकृति का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र डिजिटल अपराधों की रोकथाम और साइबर अपराधों से निपटने के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगा।
प्राकृतिक आपदाओं में विद्युत अधोसंरचना की क्षतिपूर्ति की मांग
मुख्यमंत्री ने छोटे हिमालयी राज्यों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विद्युत उत्पादन, पारेषण और वितरण परिसंपत्तियों को NDRF/SDRF के तहत क्षतिपूर्ति के दायरे में लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे आपदा प्रबंधन तंत्र और अधिक सुदृढ़ होगा।
सितारगंज केंद्रीय कारागार के विस्तार के लिए 150.16 करोड़ की स्वीकृति का आग्रह
मुख्यमंत्री ने सितारगंज में केंद्रीय कारागार के विस्तार हेतु ₹150.16 करोड़ की लागत से शीघ्र परियोजना स्वीकृति की मांग की, जिससे राज्य की जेल अधोसंरचना में सुधार संभव हो सकेगा।
उत्तराखण्ड निवेश उत्सव में आमंत्रण
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित उत्तराखण्ड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 की सफलता की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य ने ₹3.50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों पर समझौता ज्ञापन (MoU) किए हैं। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि को उत्सव के रूप में मनाते हुए उत्तराखण्ड निवेश उत्सव का आयोजन प्रस्तावित है, जो पंतनगर-रुद्रपुर औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया।
केंद्रीय गृह मंत्री का सकारात्मक आश्वासन
केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।