🔊
बारिश से बाधित मार्गों पर त्वरित रेस्क्यू, 5000 से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित पहुंचाया गया गंतव्य तक
टनकपुर 18 जून 2025
जनपद चंपावत के टनकपुर क्षेत्रांतर्गत बाटनागाड़ में लगातार बारिश के चलते पूर्णागिरि धाम मार्ग और टनकपुर-जौलजीबी मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। इस वजह से हजारों श्रद्धालु बीच रास्ते में फंस गए, जिससे स्थिति चुनौतीपूर्ण बन गई।
सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी टनकपुर श्री आकाश जोशी के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन, पुलिस, स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
इस अभियान के अंतर्गत लगभग 5000 से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया, जहां से उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
रेस्क्यू के दौरान श्रद्धालुओं को पेयजल, नमकीन, बिस्कुट व अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा डिहाइड्रेशन व अन्य समस्याओं से पीड़ित लोगों को प्राथमिक उपचार भी मुहैया कराया गया।
इस राहत अभियान में निम्न अधिकारी एवं विभागीय टीमें सक्रिय रूप से शामिल रहीं:
संभागीय परिवहन अधिकारी श्री सुरेंद्र कुमार
ठुलीगाड़ थाना प्रभारी श्री राकेश कठायत
उपनिरीक्षक श्री चेतन रावत
चिकित्साधिकारी डॉ. भावेंद्र शुक्ला
एफएसओ श्री अमर सिंह अधिकारी
एसडीआरएफ व पुलिस बल की टीमें
उपजिलाधिकारी श्री जोशी ने अभियान में योगदान देने वाले सभी विभागों की सराहना करते हुए कहा कि मार्ग बहाली का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
उन्होंने श्रद्धालुओं व स्थानीय नागरिकों से अपील की कि जब तक मार्ग पूर्णतः नहीं खुल जाते, तब तक धैर्य बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन की तत्परता और समन्वय ने इस आपदा को बड़ी दुर्घटना में बदलने से रोका, जोकि एक सार्थक एवं अनुकरणीय प्रयास है।