🔊
उत्तराखंड- एक औऱ दर्दनाक हादसा, दीवार गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत
उत्तरकाशी, 20 जून 2025
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के राजस्व ग्राम ओडाटा के मोरा तोक स्थित गुजर बस्ती में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक आवासीय मकान की दीवार गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई। मृतकों में एक दस माह की मासूम बच्ची और तीन साल का बेटा भी शामिल है।
हादसा रात करीब दो बजे हुआ जब गुलाम हुसैन (26) पुत्र अली अहमद का मकान अचानक ढह गया। हादसे के समय परिवार सो रहा था। मलबे में दबने से गुलाम हुसैन, उनकी पत्नी रुकमा खातून (23), पुत्र आबिद (3) और पुत्री सलमा (10 माह) की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार मोरी जब्बर सिंह असवाल, राजस्व उप निरीक्षक, एसडीआरएफ व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
तहसीलदार जब्बर सिंह असवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, "बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया था, लेकिन दुर्भाग्यवश चारों की जान नहीं बचाई जा सकी।" प्रारंभिक तौर पर भारी बारिश या मकान की जर्जर स्थिति को हादसे का कारण माना जा रहा है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच जारी है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है