🔊
टनकपुर के मुक्केबाजों ने हरियाणा में लहराया परचम, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिलाए दो पदक
चंपावत, 26 जून 2025 (सू.वि.)
स्पोर्ट्स हॉस्टल टनकपुर के उदीयमान मुक्केबाजों ने रोहतक (हरियाणा) में 19 से 25 जून तक आयोजित 6वीं राष्ट्रीय जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर चंपावत जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
प्रतियोगिता में जिले से केवल दो बालकों ने प्रतिभाग किया और दोनों ही पदक विजेता रहे।
हर्षित थापा ने 75 किग्रा भारवर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता।
वहीं प्रियांशु वर्मा ने 48 किग्रा भारवर्ग में रजत पदक हासिल किया।
बॉक्सिंग कोच श्री ललित मोहन कुंवर ने इस उपलब्धि की जानकारी दी और खिलाड़ियों की मेहनत व समर्पण की सराहना की।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी श्री जी.एस. खाती, प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, स्टेडियम प्रभारी मुकेश शर्मा, फुटबॉल प्रशिक्षक गौरव खोलिया, बॉक्सिंग प्रशिक्षक सूरज पांडे, सेवानिवृत्त उप क्रीड़ा अधिकारी जगजीवन सिंह मेहता, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रशिक्षक रेखा पांडे, तथा जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित कई खेलप्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।
सभी ने युवाओं की इस उपलब्धि को प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि चंपावत जिले की खेल प्रतिभा का प्रमाण है और आने वाले समय में राज्य व देश के लिए पदक जीतने की संभावनाओं को और सशक्त बनाती है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: