🔊
यमुनोत्री हाईवे पर बादल फटा: नौ मजदूर लापता, दो के शव मिले,सीएम धामी ने दिए रेस्क्यू तेज करने के निर्देश
उत्तरकाशी, 29 जून 2025 उत्तराखंड में मानसून की पहली बड़ी त्रासदी सामने आई है। यमुनोत्री हाईवे पर पालीगाड़ ओजरी डाबरकोट के बीच सिलाई बैंड के पास देर रात करीब 12 बजे बादल फटने से भीषण तबाही मच गई। इस हादसे में एक निर्माणाधीन होटल स्थल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वहाँ काम कर रहे 19 मजदूरों में से 9 मजदूर लापता हो गए, जबकि 2 मजदूरों के शव यमुना नदी तट पर 18 किमी दूर तिलाड़ी शहीद स्मारक के पास मिले हैं।
रेस्क्यू अभियान जारी
उत्तरकाशी पुलिस, एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर जुटी हैं।
10 मजदूरों को सुरक्षित रेस्क्यू कर पालीगाड़ पहुंचाया गया।
लापता 9 मजदूरों में 5 नेपाली मूल, 3 देहरादून तथा 1 उत्तर प्रदेश का बताया जा रहा है।
नौगांव CHC में दोनों शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। शिनाख्त के लिए साथी मजदूरों को बुलाया गया है।
प्रशासन और सरकार की सक्रियता
बड़कोट थानाध्यक्ष दीपक कठेत ने बताया कि मजदूर टेंट में रह रहे थे, जिन्हें तेज सैलाब ने बहा दिया।
पालीगाड़ चौकी प्रभारी कांतिराम जोशी और एसआई विक्रम सिंह रेस्क्यू कार्यों का नेतृत्व कर रहे हैं।
डीएम उत्तरकाशी प्रशांत आर्य के मुताबिक लापता मजदूरों की खोजबीन प्राथमिकता पर है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री धामी ने ट्वीट करते हुए घटना को दुखद बताया और अधिकारियों को त्वरित गति से राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि SDRF, NDRF और पुलिस बल मौके पर जुटे हैं और वह स्वयं अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं।
प्रशासन की अपील:
स्थानीय नागरिकों और यात्रियों से अपील की गई है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम की जानकारी लेकर ही निकलें। किसी भी आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करें।