🔊
उत्तराखंड- लूडो खेलने को लेकर मामूली विवाद में हथौड़े से हमला कर दोस्त की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
देहरादून, 4 जुलाई 2025:
शुक्रवार को दून क्लब के पास एक दिल दहला देने वाली घटना में एक राजमिस्त्री ने अपने ही दोस्त की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान करनपुर निवासी संतोष साहू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड के रहने वाले थे और सब्जी का ठेला लगाते थे। आरोपी शिबरन साहनी, इंदिरा नगर में रहने वाला और बिहार मूल का राजमिस्त्री है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
विवाद के बाद मारपीट में बदला मामला
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब चार बजे दोनों दोस्त दून क्लब के पास खड़े थे। बारिश के कारण संतोष की सब्जी नहीं बिक रही थी और शिबरन को भी काम नहीं मिला था। इसी दौरान मजाक-मजाक में लूडो खेलने की बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि हाथापाई में शिबरन के चेहरे पर चोट लग गई।
इसके बाद संतोष खुद ही शिबरन को अस्पताल ले जाने के लिए अपने स्कूटर पर बैठा कर निकला। लेकिन जैसे ही दोनों रोजगार तिराहे के पास पहुंचे, शिबरन ने अपने थैले से हथौड़ा निकाला और संतोष के सिर पर वार कर दिया। दोनों स्कूटर से गिर गए, फिर भी शिबरन ने उस पर कई बार हथौड़े से वार किए। मौके पर मौजूद लोगों ने संतोष को कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कार्रवाई
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी शिबरन को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल हुआ हथौड़ा भी बरामद किया गया है। मृतक के भाई राहुल साहू की शिकायत पर डालनवाला थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।