🔊
उत्तराखंड - स्कूल समय में शिक्षक ने परिसर में काटा बकरा, बच्चों में दहशत, वीडियो वायरल होने पर हुई जांच
पिथौरागढ़,
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद की बंगापानी तहसील के मैती ग्रामसभा स्थित भट्टा प्राथमिक विद्यालय में एक शिक्षक की शर्मनाक हरकत सामने आई है। जानकारी के अनुसार, शिक्षक ने स्कूल समय के दौरान विद्यालय परिसर से सटे आंगनबाड़ी केंद्र में एक बकरे की हलाल कर दी।
घटना के समय विद्यालय में पढ़ाई कर रहे बच्चों ने बकरे के काटे जाने की चीखें सुनीं, जिससे वे काफी देर तक सहमे रहे और भयभीत हो गए। हैरानी की बात यह रही कि स्कूल के अन्य शिक्षकों ने भी इस आपत्तिजनक कृत्य पर कोई आपत्ति नहीं जताई।
इस पूरी घटना का वीडियो गांव के किसी व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिसके बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मुख्य शिक्षा अधिकारी एन.आर. कोहली ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी को जांच सौंपी थी।
जांच पूरी कर ली गई है और रिपोर्ट मुख्य शिक्षा अधिकारी को सौंप दी गई है। अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि शिक्षक पर लगे आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल विद्यालय में ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहा है और आरोपी शिक्षक अपने मूल गांव चला गया है।
खबर का निष्कर्ष-
शिक्षा जैसे पवित्र क्षेत्र में इस प्रकार की घटना न केवल बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव डालती है, बल्कि यह शिक्षकों की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठाती है। अब देखना होगा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
फोटो - प्रतिकारात्मक