🔊
टनकपुर के थ्वालखेड़ा गांव में हाथी का आतंक जारी, ग्रामीणों में दहशत का माहौल, जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त
टनकपुर (चंपावत), 10 जुलाई 2025
टनकपुर के थ्वालखेड़ा गांव में जंगली हाथियों का आतंक लगातार जारी है। बीते कुछ दिनों से गांव में हाथियों के झुंड में तथा अकेले हाथी ने कई बार धावा बोला, जिससे ग्रामीणों की झोपड़ियाँ, कच्ची दीवारें और खेतों को भारी नुकसान हुआ है। इससे ग्रामीण भय और तनाव के माहौल में जीने को मजबूर हो गए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हाथी रात के समय गांव में घुस आते हैं और खेतों में खड़ी फसल रौंद देते हैं। कई घरों की दीवारें भी तोड़ी जा चुकी हैं। इससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
पूर्व ग्राम प्रधान श्री विपिन सिंह और ग्रामीण नेता श्री सुन्दर सिंह ने वन विभाग व प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कोई प्रभावी समाधान नहीं निकाला गया, तो यह समस्या और गंभीर हो सकती है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि पूर्व में इन हाथियों ने इस गांव में लोगों की जान तक ले ली है, जिससे ग्रामीणों के भीतर गहरी दहशत बैठ गई है।
ग्रामीणों ने हाथियों से सुरक्षा की मांग करते हुए गश्ती टीम तैनात करने, फेंसिंग व पटाखे , अलार्म सिस्टम और अन्य उपायों को जल्द लागू करने की अपील की है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: