🔊
तीन साल का कार्यकाल पूरा: सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं, युवाओ, उपनल कर्मियों और संविदाकर्मियों को मिला रोजगार का तोहफा
देहरादून: उत्तराखंड सरकार के तीन साल पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को छात्रों, युवाओं और संविदाकर्मियों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। सरकार अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और स्नातक युवाओं को आर्थिक सहायता देगी। साथ ही, उनके रोजगारपरक कौशल को विकसित करने के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी।
इसके अलावा, उपनल एवं संविदाकर्मियों के नियमितीकरण के लिए ठोस नीति बनाई जाएगी। सरकार ने ऐलान किया कि 10 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेके केवल स्थानीय ठेकेदारों को दिए जाएंगे, जिससे प्रदेश के व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा।
सरकार की 3 साल की उपलब्धियां
परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पिछले तीन वर्षों की उपलब्धियों को सिलसिलेवार सामने रखा। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी के साथ-साथ 30 से अधिक नई नीतियां बनाकर उत्तराखंड के विकास का रोडमैप तैयार किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि प्रदेश में बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4% की कमी आई है और उत्तराखंड का सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) 13.59% बढ़ा है। वहीं, प्रति व्यक्ति आय 11.33% बढ़कर राष्ट्रीय औसत से आगे निकल गई है।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं:
✔️ छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आर्थिक सहायता
✔️ संविदाकर्मियों और उपनल कर्मियों के लिए नियमितीकरण नीति
✔️ स्थानीय ठेकेदारों को 10 करोड़ तक के सरकारी कार्य
✔️ महिलाओं को 30% क्षैतिज आरक्षण
✔️ राज्य आंदोलनकारियों को 10% आरक्षण
✔️ भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ा भू-कानून
✔️ समान नागरिक संहिता (UCC) को लागू करने की पहल
कार्यक्रम के दौरान ‘सेवा, सुशासन और विकास के 3 वर्ष’ पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। साथ ही, बाल भिक्षावृत्ति निवारण के तहत 13 बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा में जोड़ने पर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार जनता से किए गए 70% से अधिक वादों को पूरा कर चुकी है और बाकी वादों को भी जल्द पूरा किया जाएगा।
सरकार की इन घोषणाओं को चुनावी वर्ष में बड़ी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है, जिससे युवाओं और कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।