🔊
लोहाघाट में पंचायत चुनाव पर गरमी - कभी घर में हमला, होटल पर छापेमारी और अब वायरल ऑडियो से बढ़ा बवाल, पूर्व विधायक विधायक पूरन फर्त्याल के होटल में पुलिस की छापेमारी पर विवाद - शिक्षक नेता गोविंद बोहरा का कथित ऑडियो बना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय
चम्पावत। पंचायत चुनाव में लोहाघाट लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। कभी हमले की घटनाएं, तो कभी आरोप-प्रत्यारोप-अब हालात और बिगड़ते दिखाई दे रहे हैं।
बीती रात पूर्व विधायक पूरन सिंह विधायक पूरन फर्त्याल के होटल में पुलिस की छापेमारी ने माहौल गरमा दिया। पूर्व विधायक ने पुलिस कार्रवाई को बिना आदेश की कार्यवाही बताया और इस पर कड़ा विरोध जताया। वहीं पुलिस का कहना है कि यह महज सामान्य चेकिंग थी और इसमें नियमों का कोई उल्लंघन नहीं हुआ।
इधर, लोहाघाट के शिक्षक नेता गोविंद बोहरा को लेकर एक और विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर उनका एक कथित ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर एक क्षेत्र पंचायत सदस्य से खरीद-फरोख्त की बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं। इस ऑडियो ने लोहाघाट की राजनीति को हिला कर रख दिया है।
बोहरा ने इस ऑडियो को पूरी तरह साजिश करार दिया और कहा कि इस ऑडियो से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। मेरी आवाज को तकनीक की मदद से तोड़-मरोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। वहीं, उनके विपक्षी इसे बोहरा का ही ऑडियो बता रहे हैं और उन पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
इसके अलावा, सरकारी कर्मचारी होते हुए भी चुनाव में सक्रिय रहने के आरोप भी बोहरा पर लगे हैं, जिनसे उन्होंने सख्ती से इनकार किया है।
चम्पावत न्यूज़ इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।
लगातार सामने आ रहे विवादों ने पंचायत चुनाव की दिशा और दशा दोनों को उलझा दिया है। अब देखना होगा कि जांच के बाद हकीकत क्या सामने आती है और लोहाघाट का यह सियासी घटनाक्रम किस ओर रुख करता है।