🔊
अमेरिका में सनसनी: ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या
सॉल्ट लेक सिटी (यूटा), 11 सितंबर
अमेरिका की राजनीति को हिला देने वाली घटना में कंजरवेटिव युवा नेता और डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली किर्क (31) की बुधवार को Utah Valley University में गोली मारकर हत्या कर दी गई। किर्क विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित एक बहस कार्यक्रम में छात्रों से सवाल ले रहे थे, तभी अचानक चली गोली उनके गले में लगी और वे मंच पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
कैसे हुई वारदात
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम एक खुले मैदान में चल रहा था। जैसे ही किर्क ने एक सवाल का जवाब पूरा किया, पास की इमारत की छत से काले कपड़े पहने हमलावर ने गोली दागी। घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई और दर्शक चीखते-भागते नजर आए। मौके पर ही पुलिस और सुरक्षा दल सक्रिय हो गए और कैंपस को खाली करा दिया गया।
संदिग्ध की तलाश
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, हालांकि बाद में साफ हो गया कि वह आरोपी नहीं है। फिलहाल FBI और ATF टीमें मामले की जांच कर रही हैं और हमलावर की तलाश जारी है।
नेताओं की प्रतिक्रियाएँ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने Truth Social पर पोस्ट कर कहा - “चार्ली मेरा विशेष मित्र था, उसकी हत्या मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।”
यूटा के गवर्नर स्पेंसर कॉक्स ने इसे “राजनीतिक हत्या” करार दिया।
कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूज़ॉम ने घटना को “घिनौना और निंदनीय” बताया।
पूर्व सांसद गैब्रिएल गिफर्ड्स, जो खुद 2011 में गोलीबारी की शिकार हुई थीं, ने कहा - “चार्ली की हत्या ने मेरा दिल तोड़ दिया।”
विवादित था कार्यक्रम
किर्क के इस कार्यक्रम का विरोध पहले से हो रहा था। लगभग 1,000 छात्रों ने उनकी कैंपस एंट्री के खिलाफ ऑनलाइन याचिका दायर की थी, लेकिन यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हवाला देकर मंजूरी दी थी।
कौन थे चार्ली किर्क?
चार्ली किर्क ने 2012 में Turning Point USA की स्थापना की थी, जिसका मकसद कॉलेज कैंपसों में कंजरवेटिव विचारधारा और सीमित सरकार की सोच को बढ़ावा देना था। वे ट्रंप समर्थक युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय थे और रिपब्लिकन राजनीति में उभरते सितारे माने जाते थे।
अमेरिका में राजनीतिक हिंसा की इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।