🔊
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद उपनल कर्मचारियों में खुशी की लहर, 12 अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास पर होगा आभार समारोह
देहरादून, 3 अप्रैल 2025:
प्रदेश के लगभग 22 हजार उपनल कर्मचारियों के लिए खुशखबरी आई है। मुख्यमंत्री द्वारा 23 मार्च 2025 को उपनल कार्मिकों के हित में ठोस नियमावली बनाए जाने की घोषणा के बाद, उपनल कर्मचारियों में उत्साह और राहत का माहौल है। इसी के परिप्रेक्ष्य में उपनल कर्मचारी महासंघ उत्तराखण्ड द्वारा 12 अप्रैल 2025 को मुख्यमंत्री आवास, कैंट रोड, देहरादून में एक आभार एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम प्रातः 11:00 बजे शुरू होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं सैनिक कल्याण मंत्री मुख्य अतिथि होंगे। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद गोदियाल ने सभी मंडल अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, महामंत्रियों, उपाध्यक्षों, विभागीय अध्यक्षों सहित समस्त उपनल कर्मचारियों से इस कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का अनुरोध किया है।
संरक्षक व खानपुर विधायक श्री उमेश कुमार भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। महासंघ का कहना है कि यह कार्यक्रम केवल आभार प्रकट करने का नहीं, बल्कि एकजुटता और कर्मचारियों के अधिकारों की दिशा में एक और मजबूत कदम है।
यह समारोह प्रदेश भर के उपनल कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर होगा, जिसमें वे अपनी आवाज़ और एकता को दर्शा सकेंगे।
---