🔊
मई में मिलेंगे आंगनबाड़ी और सहायिका को नियुक्तिपत्र, 20 अप्रैल तक पूरी होगी भर्ती प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो, देहरादून:
प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी और सहायिका के लगभग 7,000 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि 20 अप्रैल तक भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, और मई की शुरुआत में सभी चयनित उम्मीदवारों को नियुक्तिपत्र दे दिए जाएंगे।
मंगलवार को विधानसभा भवन स्थित सभागार में आयोजित योजनाओं की समीक्षा बैठक में मंत्री आर्या ने यह जानकारी दी। बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यकर्ताओं को मिलेगा नया मोबाइल हैंडसेट और सिम
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नए मोबाइल फोन और सिम कार्ड दिए जाएंगे। ये सिम कार्ड विशेष रूप से आंगनबाड़ी केंद्र के लिए जारी किए जाएंगे, और उस केंद्र की कार्यरत महिला उनके जरिये सभी विभागीय कार्यों का संचालन कर सकेगी। इंटरनेट डाटा का खर्च विभाग द्वारा वहन किया जाएगा, जिससे कार्यशैली में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ेगी।
महिला नीति अंतिम चरण में
मंत्री आर्या ने बताया कि प्रदेश की नई महिला नीति लगभग अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे लागू किया जाएगा। इस नीति के जरिए महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक सशक्तिकरण को और गति मिलेगी।