🔊
उत्तराखंड में शराब महंगी: 15 दिसंबर से लागू होगा 12% वैट, कीमतें 40 से 100 रुपये तक बढ़ेंगी
उत्तराखंड में शराब पीने वालों को 15 दिसंबर से बड़ा झटका लगने वाला है। राज्य सरकार ने आबकारी नीति 2025-26 में संशोधन करते हुए एक्साइज ड्यूटी पर 12% वैट फिर से लागू करने का फैसला लिया है। इस निर्णय के बाद राज्य में शराब के दामों में 40 रुपये से लेकर 100 रुपये प्रति बोतल तक की बढ़ोतरी हो जाएगी।
आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने जानकारी दी कि शासनादेश जारी होने के बाद नई दरों को पारदर्शिता के साथ लागू करने के लिए एक टाइम-लाइन तय की गई है। विभाग ने इसके लिए एक हफ्ते का समय मांगा था, जिसके चलते 15 दिसंबर तक नई दरें लागू कर दी जाएंगी।
गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की आबकारी नीति बनाते समय विभाग ने एक्साइज ड्यूटी से वैट हटा दिया था। उस समय तर्क था कि उत्तर प्रदेश में एक्साइज ड्यूटी पर वैट नहीं लगता, इसलिए उत्तराखंड की नीति को प्रतिस्पर्धी बनाने और अवैध शराब की तस्करी रोकने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया था।
हालांकि, वित्त विभाग ने इस निर्णय पर आपत्ति जताई, जिसके बाद सरकार ने वैट को फिर से जोड़ने का फैसला लिया है।
कितनी बढ़ जाएगी कीमतें?
कंट्री मेड (अंग्रेजी) शराब के पव्वे पर: लगभग 10 रुपये
देशी/विदेशी अंग्रेजी शराब की बोतल पर: 40 से 100 रुपये तक
विदेशी शराब (इम्पोर्टेड) बोतलें: लगभग 100 रुपये महंगी
पहले से ही उत्तराखंड में शराब की कीमतें पड़ोसी राज्यों-हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश-के मुकाबले अधिक हैं। अब इस वृद्धि के बाद अंतर और बढ़ जाएगा।