🔊
तीसरे फेरे में टूटी शादी: दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से किया इनकार, बरात को बनाया बंधक
मोदीनगर (उत्तर प्रदेश), 18 अप्रैल 2025
मोदीनगर क्षेत्र में बुधवार रात एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया जब तीसरे फेरे के बाद दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से इनकार कर दिया। दुल्हन पक्ष ने दूल्हा पक्ष पर झूठ बोलकर रिश्ता तय करने और आर्टिफिशियल जूलरी देने का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने पर दुल्हन के परिजनों ने बरात को बंधक बना लिया।
घटना मोदीनगर के दिल्ली-मेरठ मार्ग पर स्थित गांव कादराबाद के एक स्कूल में हुई, जहां शादी समारोह आयोजित किया गया था। जानकारी के अनुसार, कादराबाद निवासी एक व्यक्ति की पुत्री का रिश्ता दो माह पूर्व मेरठ के गंगापुरम क्षेत्र निवासी युवक के साथ तय हुआ था।
शादी के दौरान चढ़त और जयमाला की रस्में धूमधाम से संपन्न हुईं। भोजन के बाद अधिकांश बराती लौट गए, और करीबी रिश्तेदार फेरों की रस्म में जुटे। इसी दौरान, जब विदाई से पहले दुल्हन को गहने पहनाए जाने का समय आया, तब विवाद शुरू हो गया।
दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया कि दूल्हा पक्ष ने गहने दिखाकर फिर अपने पास रख लिए और बाद में जो गहने दिए, वे आभूषण नकली (आर्टिफिशियल) निकले। गहनों की जांच में असली न होने की पुष्टि के बाद दुल्हन के परिजन भड़क गए।
तीन फेरे पूरे होने के बाद ही शादी रोक दी गई। दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से मना कर दिया और परिजनों ने दूल्हा पक्ष पर दहेज मांगने और युवक के पेशे को लेकर झूठ बोलने का भी आरोप लगाया। बताया गया कि युवक को बैंक अधिकारी बताया गया था, जबकि वह निजी बैंक में एक अस्थायी कर्मचारी निकला।
विवाद बढ़ने पर सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर हालात संभाले। बरात को बंधक बनने से मुक्त कराते हुए दूल्हा, उसके पिता और भाई को थाने ले जाया गया। बरात बिना दुल्हन के ही बैरंग लौट गई।
पुलिस कार्रवाई:
एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष ने थाने में लिखित तहरीर नहीं दी है। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि सोने के स्थान पर नकली गहने दिए गए। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।