🔊
सेना छावनी, केंद्रीय विद्यालय और फागपुर-सैलानीगोठ जाने वाले लोगों की राह हुई आसान।
बनबसा स्थित सेना छावनी को जाने वाले रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या सामने आने के बाद तहसील प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की। रेलवे के संबंधित कर्मचारियों के सहयोग से अंडरपास में जमा पानी की पूरी तरह निकासी करा दी गई है। इसके बाद पैदल यात्रियों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय लोगों का आवागमन सामान्य हो गया है।
तहसीलदार टनकपुर पिंकी आर्या ने बताया कि राजस्व उपनिरीक्षक बनबसा से प्राप्त जानकारी के आधार पर रेलवे अंडरपास में जमा पानी की निकासी रेलवे के संबंधित कर्मचारियों के माध्यम से कराई गई। जलभराव के कारण सेना छावनी के फैमिली क्वार्टर, केंद्रीय विद्यालय, ईसीएचएस के साथ ही फागपुर और सैलानीगोठ की ओर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
रविवार को अंडरपास से पूरी तरह पानी निकाल दिए जाने के बाद मार्ग पर आवागमन सुचारु हो गया है। प्रशासन द्वारा क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
तहसील प्रशासन ने बरसात के दौरान आमजन से जलभराव वाले अथवा संभावित खतरे वाले स्थानों से आवागमन करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि अधिक जलभराव या किसी अन्य संभावित खतरे की स्थिति दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।