🔊
चम्पावत में खेल सुविधाओं को बड़ी सौगात, शूटिंग रेंज के लिए 9.51 करोड़ स्वीकृत
मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति, निर्माण कार्य में आएगी तेजी
चम्पावत, 11 सितम्बर 2026। जनपद में खेल अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में चम्पावत में शूटिंग रेंज एवं अन्य खेल सुविधाओं के निर्माण के लिए शासन ने 951.91 लाख रुपये यानी करीब 9.51 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
स्वीकृत धनराशि में निर्माण कार्य के लिए 849.71 लाख रुपये तथा अन्य अनुमन्य प्रावधानों के लिए 102.20 लाख रुपये शामिल हैं। परियोजना के लिए 40 प्रतिशत के रूप में 380.764 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें पूर्व में अवमुक्त 198.60 लाख रुपये को समायोजित करते हुए अब 182.164 लाख रुपये की शेष धनराशि अवमुक्त करने की स्वीकृति दी गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनपद में खेल अवस्थापना सुविधाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। शूटिंग रेंज और अन्य आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित होने से युवाओं और प्रतिभावान खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास की सुविधा मिलेगी। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी करने में मदद मिलेगी।
शासन ने कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल संसाधन एवं निर्माण विकास निगम (खेल इकाई), देहरादून को आवश्यक निविदा और अन्य औपचारिकताएं समय से पूरी कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं। परियोजना को निर्धारित अवधि में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के साथ ही तृतीय पक्ष गुणवत्ता परीक्षण और नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित शर्तों और मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए परियोजना की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय युवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और चम्पावत को खेल गतिविधियों के बेहतर केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।