🔊
राष्ट्रीय लोक अदालत 12 सितंबर को, सुलह-समझौते से मामलों के निस्तारण का मौका।
चम्पावत, 11 सितम्बर 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत की ओर से 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत जनपद न्यायालय परिसर चम्पावत मुख्यालय और बाह्य न्यायालय टनकपुर में सुबह 10 बजे से आयोजित होगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ सहायक समीर चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुज कुमार संगल की अध्यक्षता तथा सिविल जज (वरिष्ठ खंड) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भवदीप रावते के दिशा-निर्देशन में किया जाएगा।
लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित लघु आपराधिक मामले, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, भरण-पोषण वाद, बैंक वसूली वाद, हिंदू विवाह अधिनियम से संबंधित मामले, एमएसीटी वाद, घरेलू हिंसा अधिनियम, विद्युत वाद, पानी के बिल और धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव भवदीप रावते ने जनपद के सभी वादकारियों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के माध्यम से अपने लंबित मामलों का निस्तारण करवाकर मुकदमेबाजी से छुटकारा पाएं।