🔊
गणाई गंगोली में युवा समागम का आयोजन, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर हुआ मंथन
गणाई गंगोली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेतृत्व में खेल मैदान गणाई गंगोली में एक दिवसीय युवा समागम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के युवाओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न खेल एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इसके बाद अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज के सभागार में बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता विभाग कार्यवाह मनीष महर ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और वर्तमान समय की आधुनिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. तिलक राज अंडोला, पूरन जोशी, गणाई खंड कार्यवाह अजय सिंह, लक्ष्मण डसीला, कुलदीप उपाध्याय, भूपेंद्र आर्या सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं युवा मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।