🔊
बारिश ने लोनिवि की सड़कों पर बरपाया कहर, सात करोड़ से ज्यादा की चपत।
चंपावत डिवीजन में चार करोड़ और लोहाघाट खंड में तीन करोड़ का नुकसान, सड़कें यातायात योग्य लेकिन पुराने स्वरूप में लाने में लगेगा समय।
चंपावत। लगातार हुई बारिश ने जिले में लोक निर्माण विभाग की सड़कों को भारी नुकसान पहुंचाया है। चंपावत और लोहाघाट डिवीजन में बारिश से सड़कें, नालियां और स्कबर प्रभावित हुए हैं। हालांकि विभाग ने अधिकांश प्रभावित मार्गों को यातायात के लिए सुचारू कर दिया है, लेकिन सड़कों को पूर्व स्थिति में लाने के लिए विभाग को करोड़ों रुपये की अतिरिक्त धनराशि खर्च करनी पड़ेगी।
चंपावत डिवीजन के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल के अनुसार बारिश से पूरे डिवीजन में सड़कों को हुए नुकसान का अनुमान चार करोड़ रुपये से अधिक लगाया गया है। फिलहाल प्रभावित सड़कों को यातायात योग्य बना दिया गया है, लेकिन सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने और क्षतिग्रस्त हिस्सों को स्थायी रूप से दुरुस्त करने के लिए मरम्मत कार्यों में बड़ी धनराशि खर्च होगी।
वहीं लोहाघाट लोक निर्माण विभाग खंड में भी बारिश से करीब तीन करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। अधिशासी अभियंता मयंक तिवारी ने बताया कि बारिश से पहले नालियों और स्कबरों की सफाई एवं खोलने का काम कर लिया गया था, जिसके चलते नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सका। इसके बावजूद सड़कों को पूरी तरह पूर्व स्थिति में लाने के लिए विभाग पर करीब तीन करोड़ रुपये का आर्थिक भार पड़ेगा। बारिश के दौरान कई स्थानों पर मलबा आने और सड़कें अवरुद्ध होने की स्थिति बनी, जिन्हें विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर खोलते हुए यातायात सुचारू किया। फिलहाल जिले में यातायात व्यवस्था जारी है, लेकिन लगातार बारिश के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर विभाग की चुनौती बनी हुई है।
फोटो — बारिश के बाद अवरुद्ध सड़क को खोलता छबील।