🔊
चम्पावत में तंबाकू निषेध को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिया नशामुक्ति का संदेश
चम्पावत। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चम्पावत और सरस्वती शिशु मंदिर मादली में जागरूकता एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चम्पावत में छात्राओं को तंबाकू सेवन और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्राओं ने पोस्टरों के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान और नशामुक्त जीवन का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में माही सामंत ने प्रथम, मानसी ने द्वितीय और कविता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके बाद सरस्वती शिशु मंदिर मादली में विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को खेल सामग्री वितरित की गई और उन्हें नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया गया। गतिविधियों का आयोजन सोशल वर्कर नेहा पांगतेय के सहयोग से किया गया।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: