🔊
रामपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, प्रशासनिक बोलेरो और ट्रक की टक्कर में ड्राइवर की मौके पर मौत
रामपुर। थाना क्षेत्र के अंतर्गत पहाड़ी गेट के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रशासनिक वाहन बोलेरो और बुरकी ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में बोलेरो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान फ्रासा के रूप में हुई है, जो एक प्रशासनिक अधिकारी (एसडीएम) की गाड़ी पर चालक के रूप में कार्यरत था।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक वाहन में ही दब गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर चालक को बाहर निकालकर गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद रामपुर–नैनीताल मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने मार्ग को सुचारु कराया। घटना की जानकारी मिलते ही रामपुर एसपी विद्यासागर मिश्र भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी भी पुलिस जांच कर रही है।