🔊
अंकिता भंडारी हत्याकांड: सीएम धामी से मिले माता-पिता, सीबीआई जांच पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बुधवार देर शाम मुख्यमंत्री आवास में अंकिता के माता-पिता वीरेंद्र भंडारी और सोनी देवी से मुलाकात के दौरान सीएम ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग और उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने करीब एक घंटे तक पूरी संवेदनशीलता के साथ माता-पिता की बात सुनी और उन्हें सांत्वना देते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। इस दौरान अंकिता के माता-पिता ने बेटी की हत्या से जुड़े अपने मंतव्य और भावनाएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं तथा पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग दोहराई। सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में बने माहौल से वे आहत भी हैं।
सीएम धामी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि अंकिता के माता-पिता की भावनाओं के अनुरूप सरकार हर तरह की जांच कराने को तैयार है। सरकार इस प्रकरण में न्यायालय के फैसले और नई जांच को लेकर विधिक राय लेने के बाद सीबीआई जांच पर आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि अंकिता को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और पीड़ित परिवार की मांगों पर सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।