🔊
उत्तराखंड में मौसम का कहर: भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, तेज हवाओं व ओलावृष्टि की चेतावनी
देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी दैनिक मौसम पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के कई जिलों में आगामी 24 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पर्वतीय जनपदों के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश एवं 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों के कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा एवं बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।
तेज हवाओं, ओलावृष्टि व बिजली गिरने की आशंका
राज्य के कई जनपदों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली चमकने तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
शीत दिवस की स्थिति संभव
मौसम विभाग के अनुसार कुछ जिलों में शीत दिवस (Cold Day) की स्थिति भी बनी रह सकती है, जिससे ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में, तथा मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: