🔊
खटीमा में निजी स्कूल बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन युवकों की दर्दनाक मौत,घर से सौ मीटर पहले हुआ हादसा, एक साथ तीन घरों में पसरा मातम।
खटीमा।
उधम सिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। प्रतापपुर क्षेत्र में निजी स्कूल बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर वार्ड-7 निवासी देवेंद्र सिंह राणा, राजेश सिंह राणा उर्फ बिल्ला और राजेश सिंह राणा शुक्रवार शाम बाइक से झनकट से अपने घर लौट रहे थे। बाइक देवेंद्र सिंह राणा चला रहा था। जैसे ही उनकी बाइक सड़ासडिया से प्रतापपुर जाने वाले मार्ग पर, घर से महज लगभग 100 मीटर पहले पहुंची, तभी सामने से आ रही एक निजी स्कूल बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों ने बिना देर किए तीनों घायलों को उप जिला चिकित्सालय खटीमा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस मौके पर पहुंची, शव मोर्चरी भेजे
घटना की सूचना मिलते ही नानकमत्ता थानाध्यक्ष उमेश कुमार और प्रतापपुर पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र पंत अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए तीनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। तीनों शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को कराया जाएगा।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक
देवेंद्र सिंह राणा (24 वर्ष) पुत्र उमेश सिंह राणा
राजेश सिंह राणा उर्फ बिल्ला (26 वर्ष) पुत्र दर्शन सिंह
राजेश सिंह राणा (34 वर्ष) पुत्र पंचम सिंह
तीनों निवासी - प्रतापपुर वार्ड-7, खटीमा
एक साथ तीन युवकों की मौत से प्रतापपुर क्षेत्र में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।