🔊
चापड़ से गला रेतकर युवती की हत्या, बाइक सवार युवक ने घर के बाहर दिया वारदात को अंजाम, देहरादून मच्छी बाजार में दिनदहाड़े सनसनीखेज घटना, आरोपी गिरफ्तार
देहरादून।
राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 23 वर्षीय युवती की चापड़ से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतका की पहचान गुन्नू (23 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार युवती सोमवार सुबह घर के बाहर गली से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार युवक वहां पहुंचा और उससे बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान अचानक युवक ने चापड़ निकालकर युवती के गले पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से युवती को तत्काल दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौके पर ही मौत होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार हत्या की वारदात को अंजाम देने वाला युवक आकाश कुमार है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी युवक को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
फोटो- प्रतीकारात्मक