🔊
11 हजार उपनल कर्मचारियों को मिला समान काम का समान वेतन, शासनादेश जारी
देहरादून। उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (उपनल) के माध्यम से विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके उपनल कर्मचारियों को समान काम के बदले समान वेतन देने का शासनादेश जारी कर दिया है। इस फैसले से प्रदेश भर के करीब 11 हजार से अधिक उपनल कर्मियों को लाभ मिलेगा।
उपनल कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महामंत्री विनय प्रसाद के अनुसार, वे कर्मचारी जो 25 नवंबर 2025 तक 10 साल की निरंतर सेवा पूरी कर चुके हैं, वे इस योजना के दायरे में आएंगे।
12 नवंबर 2018 तय हुई कट-ऑफ डेट
शासन की ओर से जारी आदेश में सचिव दीपेंद्र कुमार चौधरी ने स्पष्ट किया है कि उच्च न्यायालय नैनीताल में दायर जनहित याचिका में पारित आदेश की तिथि 12 नवंबर 2018 को पात्रता की कट-ऑफ डेट माना जाएगा। पात्र कर्मचारियों को वर्तमान पद के अनुरूप वेतनमान का न्यूनतम वेतन एवं महंगाई भत्ता दिया जाएगा।
चरणबद्ध तरीके से लागू होगा निर्णय
राज्य की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह लाभ चरणबद्ध रूप से लागू करने का निर्णय लिया है। साथ ही शासनादेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में उपनल के माध्यम से केवल पूर्व सैनिकों के पुनर्वास से जुड़े, अस्थायी और सीमित अवधि के कार्य ही कराए जाएंगे।
वेतन में होगा बड़ा इजाफा
समान वेतन लागू होने के बाद उपनल कर्मियों का मानदेय इस प्रकार होगा—
लेवल
श्रेणी
बेसिक वेतन
महंगाई भत्ता (58%)
कुल मानदेय
10
अधिकारी
₹56,000
₹32,480
₹88,480
07
उच्च कुशल
₹44,900
₹26,042
₹70,942
04
कुशल
₹25,500
₹14,790
₹40,290
02
अर्द्धकुशल
₹19,900
₹11,542
₹31,442
01
अकुशल
₹18,000
₹10,440
₹28,440
मुख्यमंत्री ने बताया ऐतिहासिक निर्णय
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा,
उपनल कर्मियों को समान कार्य के बदले समान वेतन दिए जाने से उनका भविष्य सुरक्षित होगा और विभागों की कार्यक्षमता में भी सुधार आएगा। सरकार पहले दिन से ही उपनल कर्मियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है।
कर्मचारी संगठनों ने जताया आभार-
उपनल कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद गोदियाल ने शासन के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि,
इस शासनादेश से हजारों कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। सरकार का आभार है, साथ ही जो कर्मचारी अभी छूट गए हैं, उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से लाभ दिए जाने की अपेक्षा है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: