🔊
खटीमा घटना के बाद आबकारी विभाग अलर्ट, पूरे प्रदेश में शराब की सैंपलिंग, तीन मौतों से मचा हड़कंप: क्या अवैध या मिलावटी शराब बनी मौत की वजह।
खटीमा। खटीमा में भाजपा नेता ढिल्लू सिंह राणा समेत तीन लोगों की कथित रूप से शराब पीने से हुई मौत के बाद आबकारी विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने पूरे प्रदेश में शराब की सैंपलिंग के सख्त आदेश जारी किए हैं।
आदेश के क्रम में शुक्रवार को आबकारी विभाग की कई टीमों ने दिनभर अभियान चलाते हुए प्रदेश के विभिन्न जनपदों में शराब ठेकों से एक हजार से अधिक सैंपल एकत्र किए। सभी सैंपलों को जांच के लिए देहरादून स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां शनिवार से इनकी विस्तृत जांच शुरू की जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आबकारी मुख्यालय से भी एक विशेष टीम को स्थलीय जांच के लिए खटीमा भेजा गया है। टीम द्वारा वहां शराब ठेकों की जांच, स्टॉक का सत्यापन तथा संबंधित अभिलेखों की गहन पड़ताल की जा रही है।
गौरतलब है कि खटीमा में भाजपा नेता ढिल्लू सिंह राणा समेत तीन लोगों की मौत कथित रूप से शराब सेवन के बाद हुई थी, जिसके बाद प्रशासन और आबकारी विभाग में हड़कंप मच गया। घटना के बाद सरकार ने साफ किया है कि मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आबकारी विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध या अवैध शराब की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन या आबकारी विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।