🔊
भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त ने किया डोईवाला में जन्म-मृत्यु पंजीकरण कार्य का निरीक्षण निर्धारित समयसीमा में पंजीकरण कराने की अपील
डोईवाला, 26 अप्रैल 2025 —
भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त श्री मृत्युंजय कुमार नारायण ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डोईवाला में जन्म और मृत्यु पंजीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आम जन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि केंद्र में होने वाले सभी जन्मों एवं मृत्यु घटनाओं का पंजीकरण निर्धारित 21 दिनों की समयसीमा के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए।
श्री नारायण ने नागरिकों से भी अपील की कि वे जन्म अथवा मृत्यु की घटनाओं का समय पर पंजीकरण कराएं ताकि अनावश्यक विलंब शुल्क और अतिरिक्त कागजी कार्यवाही से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि यदि जन्म के समय बच्चे का नाम तय नहीं हुआ है, तो भी रजिस्ट्रार बिना नाम के पंजीकरण कर सकते हैं। अभिभावक बाद में एक वर्ष की अवधि के भीतर बच्चे के प्रमाणपत्र में नाम जुड़वाने का अधिकार रखते हैं।
निरीक्षण के दौरान उत्तराखंड राज्य की संयुक्त महारजिस्ट्रार एवं निदेशक श्रीमती इवा आशीष श्रीवास्तव, चिकित्सा अधीक्षक श्री कुँवर सिंह भंडारी, उप जिलाधिकारी श्रीमती अपर्णा ढौंढियाल तथा जनगणना निदेशालय के अधिकारी श्री शैलेन्द्र सिंह नेगी (संयुक्त निदेशक), श्री संजीव कुमार (सहायक निदेशक) एवं श्री भावेश कुमार धीमान (सांख्यिकीय अन्वेषक ग्रेड-II) भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र के कार्यों की सराहना करते हुए जनसुविधाओं को और अधिक सुगम बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।