🔊
सरकारी विभागों में संविदा व आउटसोर्स भर्ती पर रोक, वर्तमान कर्मचारियों पर नहीं पड़ेगा असर: मुख्य सचिव
देहरादून।
राज्य सरकार ने सरकारी विभागों में आउटसोर्स, संविदा, दैनिक वेतन, कार्यप्रभावित, नियत वेतन, अंशकालिक और तदर्थ कर्मचारियों की नई भर्तियों पर रोक लगा दी है। इस फैसले को लेकर मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने स्पष्ट किया है कि पहले से कार्यरत कर्मचारियों की सेवाओं पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
मुख्य सचिव ने बताया कि हाल में जारी शासनादेश का उद्देश्य केवल भविष्य में होने वाली भर्तियों को नियमित करना है। उन्होंने कहा कि शासनादेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख है कि अब रिक्त पदों पर केवल नियमित भर्तियाँ की जाएंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी शासनादेश पिछली तिथि से लागू नहीं होता, अतः वर्तमान में कार्यरत आउटसोर्स, संविदा, दैनिक वेतनभोगी, कार्यप्रभावित, नियत वेतन, अंशकालिक व तदर्थ कर्मचारियों की सेवाओं में कोई बाधा उत्पन्न नहीं होगी।
मुख्य सचिव ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे शासनादेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें और इस विषय में किसी भी प्रकार की भ्रांतियों को दूर करें।