🔊
श्रमिक की हत्या, साथी ने हथौड़े से वार कर उतारा मौत के घाट
देहरादून - रानीपोखरी थाना क्षेत्र के थानो स्थित धारकोट इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। एक श्रमिक ने अपने ही साथी के सिर पर हथौड़ा मारकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है।
बृहस्पतिवार को पुलिस को सूचना मिली कि नीम करौली मंदिर, धारकोट के पास एक निर्माणाधीन मकान के अंदर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल जौलीग्रांट अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान बबलू पुत्र रिक्खी राम, निवासी ग्राम जरही मोतीपुर, बहराइच (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। शुक्रवार को मृतक के भाई प्रमोद कुमार ने थाने में तहरीर देकर बबलू के साथ काम करने वाले पप्पू साहनी पर हत्या का शक जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पप्पू साहनी पुत्र रामशरण, निवासी वार्ड नंबर 7, बांक बैंक, बेगूसराय (बिहार) और मृतक बबलू धारकोट क्षेत्र में साथ मजदूरी करते थे। 22 फरवरी की रात पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान आरोपी ने बबलू के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया।
वार लगने के बाद बबलू बेहोश होकर गिर गया। आरोपी ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई हरकत न होने पर वह घबरा गया। अगले दिन उसने शव के ऊपर कंबल डालकर कमरे को बाहर से बंद किया और फरार हो गया।
सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को भूईया मंदिर थानो मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने बताया कि हत्या पैसों के लेनदेन के विवाद में की गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।