🔊
नाबालिक से सामूहिक दुष्कर्म, मकान में किराये पर रहने वाले किशोर और उसके दोस्त पर आरोप।
उधमसिंह नगर । जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक नौ वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। आरोप है कि पीड़िता के ही घर में किराये पर रहने वाले एक किशोर ने अपने दोस्त के साथ मिलकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
रात के अंधेरे में दिया वारदात को अंजाम
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाले दंपती बृहस्पतिवार सुबह अपनी नौ वर्षीय पुत्री को लेकर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे उनकी बेटी बाथरूम जाने के लिए कमरे से बाहर निकली थी। इसी दौरान उसी मकान में किराये पर रहने वाले एक परिवार के किशोर और उसके एक अन्य दोस्त ने बालिका को दबोच लिया और उसे एक कमरे में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया।
मासूम ने सुनाई आपबीती
घटना के बाद से मासूम डरी-सहमी और परेशान थी। जब माता-पिता ने उसकी हालत देख कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने रोते हुए अपने साथ हुई दरिंदगी की जानकारी दी। परिजनों ने बिना देरी किए पुलिस की शरण ली। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपियों को हिरासत में लेकर किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
एक तरफ जहां जिले के एसएसपी अजय गणपति महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते रहते हैं, वहीं दूसरी ओर कोतवाली पुलिस की संवेदनहीनता भी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार सुबह 11 बजे ही कोतवाली पहुंच गया था, लेकिन दोपहर 3 बजे तक भी मामले में पुलिस की सुस्ती बरकरार रही। जब इस संबंध में एसएसआई केसी आर्या से जानकारी लेनी चाही, तो उनका कहना था कि उन्हें अभी घटना के बारे में जानकारी जुटाने का समय नहीं मिला है। चार घंटे बीत जाने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी का ऐसा जवाब पुलिस की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।