🔊
किशोरी से मिलने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या, दोस्त गंभीर घायल।
टिहरी जिले के प्रतापनगर ब्लॉक की ओण पट्टी स्थित देवल गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। आरोप है कि किशोरी से मिलने पहुंचे 18 वर्षीय केतन लाल और उसके दोस्त दिवाकर डिमरी को लड़की के परिजनों ने कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल केतन की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अस्पताल में भर्ती है।
परिजनों के अनुसार, 7 जून की रात किशोरी के फोन पर केतन अपने दोस्त के साथ खोलगढ़ पहुंचा था। वहां किशोरी के परिजनों ने दोनों युवकों को पकड़कर मारपीट की। बाद में किशोरी के पिता ने युवक के परिजनों को फोन कर उन्हें ले जाने के लिए बुलाया। जब परिजन पहुंचे तो दोनों गंभीर रूप से घायल मिले।
घटना के बाद अस्पताल में ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और दोषियों की गिरफ्तारी तक शव न उठाने की मांग की। पुलिस ने नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सीओ टिहरी को सौंपी गई है।
एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने कहा कि मामले में अभियोग दर्ज कर लिया गया है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।