🔊
दर्जी अब रकीब निकला गद्दार: बठिंडा आर्मी कैंट का टेलर पाकिस्तान भेज रहा था सेना की जानकारी; अब रकीब का मोबाइल उगले राज
बठिंडा | 13 मई 2025:
पाकिस्तान के लिए जासूसी करता दर्जी गिरफ्तार: बठिंडा आर्मी कैंट से सेना की गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक और जासूसी का मामला सामने आया है। इस बार बठिंडा सैन्य छावनी में काम करने वाला दर्जी देश का गद्दार निकला। आरोपी रकीब, जो उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के दुसनी गांव का रहने वाला है, बठिंडा आर्मी कैंट में पिछले कुछ वर्षों से टेलर का कार्य कर रहा था।
आरोप है कि वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों को सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारी भेज रहा था। पुलिस ने सेना की शिकायत पर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनमें से एक में पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स के नंबर और संदिग्ध सैन्य दस्तावेज पाए गए हैं।
फॉरेंसिक जांच में जुटी एजेंसियां
सेना और पुलिस ने उसके मोबाइल फोन जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, रकीब से पूछताछ में यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वह कब से पाकिस्तान के संपर्क में था, कौन-कौन सी जानकारियां उसने साझा की हैं, और क्या यह किसी बड़े हनी ट्रैप का हिस्सा है।
पुलिस व सेना दोनों गंभीर
एसएसपी अमनीत कौंडल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सेना ने एक संदिग्ध को पकड़ा था, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। दर्ज एफआईआर के अनुसार, रकीब के पास से मोटो ई13 मोबाइल, एयरटेल सिम और एक नोकिया फोन बरामद हुआ है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पंजाब में एक मोची को जासूसी के आरोप में पकड़ा गया था, जिससे यह चिंता और बढ़ गई है कि सैन्य क्षेत्रों में काम कर रहे सामान्य कर्मचारियों के माध्यम से दुश्मन देश संवेदनशील सूचनाएं प्राप्त कर रहे हैं।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, मामला अभी जांचाधीन है और अधिकारियों ने ज्यादा जानकारी साझा करने से इनकार किया है।
यह घटना देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर एक बार फिर कई गंभीर सवाल खड़े करती है।