🔊
किच्छा में गौवंश संरक्षण स्क्वाड की बड़ी कार्रवाई, 200 किलो प्रतिबंधित मांस व ऑटो रिक्शा बरामद, चार तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार, गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज।
किच्छा/उधम सिंह नगर। जनपद उधम सिंह नगर में गौतस्करों और गौकशी करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गौवंश संरक्षण स्क्वाड (कुमाऊं परिक्षेत्र) और कोतवाली किच्छा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 200 किलोग्राम प्रतिबंधित गौवंशीय मांस, अवशेष, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा तस्करी में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा (UK06TA-7333) बरामद किया है। हालांकि चारों आरोपी अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिरौली कला निवासी चार व्यक्ति गौकशी कर मांस को ऑटो रिक्शा से रुद्रपुर की ओर ले जाकर बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर एनएच-74 टोल प्लाजा के पास घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपियों ने वाहन भगाने का प्रयास किया, लेकिन पीछा कर ऑटो को रोक लिया। इसी दौरान वाहन में सवार आरोपी चलती गाड़ी से कूदकर धान के खेतों की ओर भाग निकले।
बरामदगी की पूरी कार्रवाई बीएनएसएस की धारा 105 के तहत ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से वीडियो व फोटोग्राफी कर डिजिटल रूप से दर्ज की गई। फरार आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 3/5/6/11(1) के तहत कोतवाली किच्छा में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
फरार आरोपी:
सोहेल पुत्र रईश
शोएब पुत्र रईश
तसलीम
यासीन
(सभी निवासी सिरौली कला, थाना पुलभट्टा, जनपद उधम सिंह नगर)
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।