🔊
पिथौरागढ़ में देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत तीन दिवसीय उद्यमिता बूट कैंप शुरू, 50 छात्र-छात्राओं को स्टार्टअप, बिजनेस प्लान और वित्तीय प्रबंधन का मिलेगा प्रशिक्षण।
पिथौरागढ़, 05 जुलाई। उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार की देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (ईडीआईआई), अहमदाबाद द्वारा ईटीसी थरकोट, पिथौरागढ़ में तीन दिवसीय आवासीय उद्यमिता बूट कैंप का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय गंगोलीहाट, बलुआकोट, मुवानी तथा एसएनएस राजकीय परास्नातक महाविद्यालय एलएसएम कैंपस, पिथौरागढ़ के 50 चयनित छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
बूट कैंप का उद्देश्य युवाओं में उद्यमशीलता कौशल विकसित करना तथा उन्हें व्यवसायिक अवसरों की पहचान, स्टार्टअप स्थापना, वित्तीय प्रबंधन, विपणन रणनीति और व्यवसाय विस्तार की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ विद्यार्थियों को डिजाइन थिंकिंग, बिजनेस आइडिया डेवलपमेंट, मार्केट एनालिसिस, फाइनेंस एंड फंड्स, विभिन्न सरकारी योजनाओं, पिचिंग स्किल्स और गो-टू-मार्केट रणनीतियों पर मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम में ईडीआईआई के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक ज्ञान पर आधारित उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण को अपने व्यावसायिक एवं व्यक्तिगत विकास के लिए उपयोगी बताते हुए उत्साह व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन ईडीआईआई के उद्यमिता विशेषज्ञ डॉ. रजत शर्मा के नेतृत्व में किया जा रहा है। देवभूमि उद्यमिता योजना के टिहरी गढ़वाल के प्रोजेक्ट अधिकारी दिग्विजय सिंह, चमोली के प्रोजेक्ट अधिकारी विनोद नेगी तथा उद्यमिता विशेषज्ञ अश्विनी तिवारी ने विभिन्न सत्रों में विद्यार्थियों को उद्यमिता के विविध पहलुओं की जानकारी दी। वहीं, ईटीसी थरकोट के ईटीओ पंकज पंत ने प्रशिक्षण के सफल संचालन के लिए आवश्यक सहयोग एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित करते हैं, जिससे उत्तराखंड में उद्यमिता को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।