🔊
देवभूमि उत्तराखंड में फिर पकड़े गए पांच-छह बांग्लादेशी नागरिक, केंद्रीय और राज्य एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई
देहरादून, 21 मई 2025
राजधानी देहरादून में एक बार फिर अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की गिरफ्तारी हुई है। इस बार की कार्रवाई में स्थानीय पुलिस के साथ-साथ राज्य और केंद्र सरकार की खुफिया एजेंसियां भी शामिल रहीं। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर पांच से छह बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, इन सभी पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उत्तराखंड में लंबे समय से रहकर मजदूरी करने का आरोप है। इनमें से कुछ आरोपी पहले भी कई बार देहरादून आ चुके थे और एक संगठित गिरोह के माध्यम से यहां लाए गए थे।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र से पांच बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए थे। उनके पकड़े जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और आगे की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। जांच में सामने आया कि देहरादून सहित अन्य शहरों में अवैध तरीके से बसाए जा रहे विदेशी नागरिकों के पीछे एक बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है।
मामले में आज (बुधवार) पुलिस और जांच एजेंसियां संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलासा कर सकती हैं।
प्रशासन की ओर से सख्त संदेश:
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि राज्य में अवैध प्रवासियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।