🔊
महिला की अधजली लाश मिलने से सनसनी, पति पर हत्या का आरोप
खटीमा, उधम सिंह नगर | 24 मई 2025
उधम सिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र अंतर्गत चारूबेटा नई बस्ती में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला का अधजला शव जंगल में पाया गया। मृतका की पहचान अनीता देवी पत्नी सुरेश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात अनीता देवी घर नहीं लौटीं, जिससे उनके छोटे-छोटे तीन बच्चे रोने लगे। पति सुरेश कुमार ने बच्चों को किसी तरह शांत कराया और सुबह होते ही ग्रामीणों के साथ मिलकर पत्नी की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर के पीछे स्थित जंगल में महिला का अधजला शव बरामद हुआ, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के भाई ने अपने जीजा सुरेश कुमार पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
घटना की सूचना पर खटीमा के सीओ विमल रावत भी मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी की। उन्होंने बताया कि जांच के लिए दो से तीन टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, जबकि ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।