🔊
लोहाघाट: स्कूटी और बाइक की आमने-सामने टक्कर, पांच घायल, एक नाबालिग गंभीर
लोहाघाट (चंपावत), 25 मई: लोहाघाट-मायावती सड़क पर बनीगांव के पास रविवार शाम एक स्कूटी और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में स्कूटी पर सवार तीन नाबालिग और बाइक पर सवार एक पिता-पुत्र सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए लोहाघाट उप-जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां एक नाबालिग की स्थिति गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना में घायल स्कूटी सवारों की पहचान ईशान बोरा (11), अमित बोरा (16) निवासी आदर्श कॉलोनी, और जतिन पुनेठा (16) निवासी फोर्ती के रूप में हुई है। वहीं बाइक सवार अंकित (20) पुत्र पुष्कर कुमार और पुष्कर कुमार (45) पुत्र गोविंद कुमार निवासी बनीगांव भी घायल हुए हैं।
घायलों का उपचार कर रहे डॉक्टर सुमित जोशी ने बताया कि चार की हालत खतरे से बाहर है, जबकि एक नाबालिग को गंभीर चोट लगने के कारण रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही चीता पुलिस और 112 टीम मौके पर पहुंची। 112 टीम के एएसआई गोपाल सनवाल ने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन न दें। उन्होंने कहा कि नाबालिग को वाहन देना कानूनन अपराध है, और पुलिस इस पर कार्रवाई कर सकती है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चे अपने घर से स्कूटी की चाबी चुपचाप उठाकर घूमने निकले थे।
खबर लिखे जाने तक किसी पक्ष द्वारा पुलिस को औपचारिक तहरीर नहीं दी गई थी।