🔊
सेवा संकल्प अभियान में स्वास्थ्य कैंप और रक्तदान शिविर, 50 लोगों की तंबाकू छोड़ने को काउंसलिंग, लोहाघाट में आयोजित कार्यक्रम में 20 लोगों ने किया रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता पर दिया जोर।
लोहाघाट। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र कालाकोट में स्वास्थ्य कैंप आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी ने किया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के तहत पॉलिटेक्निक कॉलेज लोहाघाट में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 20 लोगों ने रक्तदान किया। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
50 लोगों की तंबाकू छोड़ने को काउंसलिंग
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से तंबाकू नियंत्रण को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। एनटीसीपी काउंसलर हरीश पाण्डेय ने करीब 50 लोगों की काउंसलिंग की। उन्होंने तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान की जानकारी देते हुए लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित किया।
सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान और तंबाकू नियंत्रण जैसे अभियानों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को उनके क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता, रक्तदान और तंबाकू नियंत्रण के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।