🔊
UPSC के माध्यम से साइंटिफिक ऑफिसर बने चम्पावत के अनिल चंद्र कोठारी, डीएम ने मां के साथ किया सम्मानित
UPSC के माध्यम से साइंटिफिक ऑफिसर बने चम्पावत के अनिल चंद्र कोठारी, डीएम ने मां के साथ किया सम्मानित
मां के संघर्ष और समर्पण को जिलाधिकारी ने सराहा, अनिल की सफलता को जिले के विद्यार्थियों के लिए बताया प्रेरणास्रोत
चम्पावत। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के माध्यम से भारत सरकार के उपभोक्ता मामले विभाग में साइंटिफिक ऑफिसर पद पर चयनित चम्पावत के अनिल चंद्र कोठारी को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अपने कार्यालय में सम्मानित किया। इस अवसर पर उनकी माता श्रीमती कमला कोठारी को भी सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने अनिल की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत के साथ-साथ उनकी माता के वर्षों के संघर्ष, त्याग और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि चम्पावत से शुरू हुई अनिल की शैक्षिक यात्रा जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने और नियमित अध्ययन के साथ निरंतर प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही अनिल को अपने कार्यक्षेत्र में अर्जित ज्ञान और अनुभव का उपयोग चम्पावत एवं समाज के हित में करने के लिए प्रेरित किया।
अनिल चंद्र कोठारी ने चम्पावत के विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से स्कूली शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने देहरादून से पीएचडी पूरी की। उच्च शिक्षा के बाद UPSC के माध्यम से उनका साइंटिफिक ऑफिसर पद पर चयन हुआ।
अनिल चंद्र कोठारी ने सम्मान के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।